काठमांडू में भारतीय दूतावास ने बुधवार को जानकारी दी कि नेपाल सरकार ने अगस्त में त्रिशूली-भोटे कोशी नदी में आई अचानक बाढ़ के दौरान लापता हुए लोगों को मृत मानकर उनकी मृत्यु की घोषणा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत 213 लापता भारतीय नागरिकों की पहचान की गई है।
दूतावास ने एक्स पर बताया कि नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने अपनी वेबसाइट पर इन 213 लापता भारतीय नागरिकों की सूची जारी की है। सूची में दी गई जानकारी पर आपत्ति दर्ज कराने, नई बातें जोड़ने, कुछ हटाने या किसी तरह के बदलाव के सुझाव भी मांगे गए हैं।
दूतावास ने लापता लोगों के परिजनों से आग्रह किया है कि वे अपनी चिंताएं या प्रस्तावित बदलाव दो दिसंबर से पहले दर्ज कराएं। दूतावास के अनुसार, अगर परिजनों को इस सूची को लेकर कोई आपत्ति है या वे कोई बदलाव सुझाना चाहते हैं, तो वे दो दिसंबर 2026 से पहले काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।
परिवार ईमेल पते [email protected] या मोबाइल नंबर +9779851316807 के जरिए दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। यह नंबर वाट्सएप पर भी उपलब्ध है।
