दिल्ली में खारी बावली और पुल मिठाई समेत आसपास के इलाकों में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए पहली बार अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पिछले सप्ताह इन सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, लेकिन मंगलवार को देखा गया कि लोगों ने फिर से पटरियां लगा ली थीं और कुछ दुकानें भी खोल ली गई थीं। सोशल मीडिया पर अतिक्रमण की तस्वीरें सामने आने के बाद एजेंसियां सक्रिय हुईं और दुकानें बंद कराई गईं।
बुधवार को पूरे इलाके में जगह-जगह अर्धसैनिक बल तैनात रहे। करीब 70 पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए, जो लगाई गई पटरियों और रखे गए सामान को हटवा रहे थे। पुलिसकर्मी लगातार निरीक्षण कर रहे थे और कोई भी पटरी लेकर आ रहा था तो उसे तत्काल हटाया जा रहा था।
एमसीडी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए अतिक्रमण रोकने की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की बताई थी। दिल्ली पुलिस ने खारी बावली, पुल मिठाई और पीली कोठी समेत आसपास के इलाकों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए एमसीडी से मदद मांगी है। पुलिस ने एमसीडी पुरानी दिल्ली जोन की उपायुक्त कनिका को पत्र लिखकर अतिक्रमण करने वालों की वस्तुएं जब्त करने को कहा है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तरी जिला) निहारिका भट्ट के अनुसार, एमसीडी को ही अतिक्रमण की वस्तुएं जब्त करनी होंगी, ताकि लोग दोबारा अतिक्रमण न कर सकें। पुलिस ने उपायुक्त से वस्तुएं जब्त करने के लिए वाहनों और कर्मचारियों की तैनाती रखने का अनुरोध किया है, क्योंकि एक हिस्से से अतिक्रमण हटाते ही लोग दूसरे हिस्से में आ जाते हैं और पुलिस के पास वस्तुएं जब्त करने की व्यवस्था नहीं है। चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव एवं भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने इसे पुलिस का स्वागत योग्य कदम बताया और एमसीडी से अपील की कि वह पुलिस के साथ मिलकर पूरे इलाके को अतिक्रमण मुक्त रखने का कार्य करे।
