उत्तर प्रदेश पुलिस की मुख्य आरक्षी रिचा यादव ने अहमदाबाद में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक जीते हैं। रिचा मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहाना तहसील के नोनियापुर गांव की रहने वाली हैं और इस उपलब्धि से जिले का नाम रोशन हुआ है।
गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्टेडियम में हुई इस प्रतियोगिता में रिचा ने यह सफलता हासिल की। वह नोनियापुर गांव की पहली बेटी हैं, जिन्होंने बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। रिचा समाजवादी पार्टी के नेता प्रेमचंद यादव की भतीजी हैं।
रिचा यादव वाराणसी में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं। वर्ष 2023 में उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में हुआ था। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में वह अब तक चार रजत और छह कांस्य पदक जीत चुकी हैं। वह गाजियाबाद में बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रही हैं। पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ खेल के लिए समय निकालना उनके अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
रिचा की सफलता पर पिता सुनील यादव ने खुशी जताई और कहा कि इससे पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। दादी सावित्री यादव भी पोती की उपलब्धियों से खुश हैं। मोती यादव, मुलायम यादव, ओमप्रकाश यादव, रामदास और पंकज यादव समेत क्षेत्र के लोगों ने रिचा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
