फतेहगढ़ साहिब जिले में रेल ट्रैक पर भारी सीमेंट के पिलर रखकर ट्रेन को डिरेल करने की साजिश समय रहते नाकाम कर दी गई। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के गार्ड की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पिलर हटाए और रेल यातायात सुरक्षित किया।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजकर 19 मिनट पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दिल्ली से जम्मू की ओर जा रही थी। घटनास्थल से गुजरते समय ट्रेन के गार्ड की नजर दूसरी रेल लाइन पर रखे सीमेंट के पिलरों पर पड़ी। संदिग्ध गतिविधि देख गार्ड ने तुरंत सरहिंद के स्टेशन अधीक्षक को इसकी जानकारी दी।

स्टेशन अधीक्षक से संदेश मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया और टीमें घटनास्थल की ओर रवाना की गईं। रेलवे और सुरक्षा बलों की टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ट्रैक पर रखे भारी सीमेंट के पिलरों को वहां से हटा दिया, जिससे गुजरने वाली ट्रेनों को किसी खतरे से बचा लिया गया।

फिलहाल जीआरपी के एआईजी और डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।