अयोध्या से चली सरयू-कमला एक्सप्रेस की उद्घाटन विशेष ट्रेन मंगलवार सुबह भारतीय समयानुसार 9:45 बजे (नेपाली समय 10 बजे) जनकपुरधाम स्टेशन पहुंची। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही स्टेशन परिसर 'जयश्रीराम' और 'सीता मैया की जय' के नारों से गूंज उठा। फूलों से सजी ट्रेन का मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव ने युवा रोजगार एवं श्रम मंत्री रामजी यादव सहित अन्य के साथ भव्य स्वागत किया।
जनकपुर में ट्रेन का स्वागत विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों, जानकी मंदिर के छोटे महांत राम रोशन दास तथा जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी किया। यात्रियों को माला पहनाई गई और जलपान कराया गया। इसके बाद अधिकांश यात्रियों ने जनकपुर के जानकी मंदिर में माता जानकी का दर्शन-पूजन किया। विहिप के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने यह जानकारी दी।
नेपाली समयानुसार दोपहर 1:20 बजे मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को अयोध्या के लिए रवाना किया। ट्रेन के बुधवार सुबह दस बजे से पहले अयोध्या कैंट स्टेशन पहुंचने की संभावना है। यह ट्रेन लगभग 19 घंटे का सफर तय करती है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस के 28 नवंबर से नियमित रूप से अयोध्या से जनकपुर के लिए प्रस्थान करने की संभावना है। यह साप्ताहिक ट्रेन हर शनिवार को अयोध्या से जाएगी। इसमें सफर करने वाले भारतीय यात्रियों को वीजा की जरूरत नहीं होगी। यात्री अपना वैध मतदाता पहचान पत्र या पासपोर्ट दिखाकर टिकट ले सकेंगे और इनमें से कोई एक दस्तावेज साथ रखना जरूरी होगा। सीमा पार करते समय जयनगर में यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
