सुबह से शाम तक कुर्सी पर बैठे रहना, घंटों मोबाइल या कंप्यूटर की स्क्रीन देखना और शारीरिक गतिविधियों से दूरी टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ा सकती है। यह जोखिम बच्चों में भी बढ़ रहा है। अनियमित खानपान, अत्यधिक प्रसंस्कृत भोजन, नींद की कमी और लगातार तनाव भी इसके कारक हैं। डायबिटीज इंडेक्स के 2025 के अनुसार भारत में सभी आयु वर्गों के करीब 9.87 लाख लोग इस बीमारी से पीड़ित हैं और हर साल करीब 73,567 नए मामले सामने आते हैं। 20 वर्ष से कम आयु वर्ग के डायबिटीज मरीजों की संख्या में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है, जबकि अमेरिका दूसरे नंबर पर है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बचपन से ही दिनचर्या में सुधार और स्वस्थ आदतें अपनाने से खतरा कम किया जा सकता है। दिनभर बैठे रहने की आदत बदलने, नियमित शारीरिक गतिविधियां करने, संतुलित भोजन लेने और पर्याप्त नींद पर ध्यान देना जरूरी है। बच्चों को खेलकूद के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उनके स्क्रीन टाइम और खानपान पर भी नजर रखनी चाहिए। एम्स और एचआरआइडीएवाई के विशेषज्ञों ने भी इस संबंध में चेताया है।

एम्स निदेशक प्रो. निखिल टंडन ने डायबिटीज से पीड़ित बच्चों के जीवन और बीमारी के प्रबंधन पर जोर दिया। उनके अनुसार, बीमारी की पहचान भर काफी नहीं है; बच्चों को इसका प्रबंधन करना भी आना चाहिए। आत्मविश्वास के साथ इसके लिए तैयार करने में परिवार और स्कूल की भूमिका अहम है। एचआरआइडीएवाई की कार्यकारी निदेशक प्रो. मोनिका अरोड़ा के अनुसार, लंबे समय तक बैठे रहना, अधिक स्क्रीन टाइम, अनियमित खानपान, नींद की कमी व तनाव स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं तथा बच्चों में डायबिटीज का जोखिम बढ़ाते हैं। इससे बचाव के लिए बचपन से ही ध्यान देना चाहिए।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम 2.0 के तहत सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में मोबाइल स्वास्थ्य टीमें बच्चों की जांच करेंगी। टाइप 1 डायबिटीज के चार प्रमुख लक्षणों को 4टी कहा गया है, जिनमें बार-बार पेशाब आना, अत्यधिक प्यास लगना, थकान और बिना कारण वजन घटना शामिल हैं। मौके पर रक्त में ग्लूकोज की जांच होगी और बीमारी की आशंका पर बच्चे को जिला अस्पताल भेजा जाएगा। पुष्टि के बाद इंसुलिन उपचार, ग्लूकोमीटर, जांच पट्टियां और नियमित चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।