नई दिल्ली। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह मांझे की चपेट में आने से 27 साल के एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:11 बजे पीसीआर को सूचना मिली कि एक्सप्रेसवे पर एक बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर घायल पड़ा है और उसके शरीर से खून निकल रहा है। सूचना मिलते ही शाहीन बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विकास (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बारापूला से एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के बाद फरीदाबाद की तरफ जाते समय महज एक किलोमीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ। जिस हिस्से में यह घटना हुई, उसका उद्घाटन कुछ दिन पहले ही हुआ था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एक्सप्रेसवे पर मांझा कहां से आया और किस जगह से वह बाइक सवार की गर्दन में उलझा। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा पतंग के मांझे की वजह से हुआ।
विकास मूलरूप से एटा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे और जैतपुर के सौरभ विहार में किराए के मकान में पत्नी और तीन महीने की बेटी के साथ रहते थे। वह लैपटॉप रिपेयरिंग का काम करते थे और करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने लव मैरिज की थी। विकास के ससुर उमेश सोनी के अनुसार, सोमवार को वह कंपनी के काम से बाहर गए थे और मंगलवार को घर लौटना था, लेकिन परिवार को उनकी मौत की खबर मिली।
परिवार को इस हादसे से गहरा सदमा लगा है। उन्होंने सरकार से आर्थिक मदद देने की मांग की है और सवाल उठाया है कि हाईवे पर इतनी बड़ी मात्रा में मांझा कहां से आया और किसकी लापरवाही से एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं। परिवार ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
