बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के एलान के बाद देश में राजनीतिक तनाव और हिंसा बढ़ गई है। अवामी लीग के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने बताया कि शेख हसीना 16 दिसंबर को 1971 के मुक्ति संग्राम की जीत की वर्षगांठ के मौके पर बांग्लादेश लौटेंगी। इस खबर के बाद से देश में तनाव और बढ़ गया है।

अवामी लीग ने पार्टी पर लगे प्रतिबंध हटाने और राजनीतिक बंदियों की रिहाई समेत कई मांगों को लेकर 27 और 28 नवंबर को पूरे देश में 'फुल लॉकडाउन' का एलान किया है। पार्टी ने सरकार के सामने कुल 8 प्रमुख मांगें रखी हैं। अवामी लीग अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई, राजनीतिक प्रतिबंधों और मौजूदा हालात को लेकर सरकार के विरोध में आंदोलन कर रही है।

शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज समेत कई इलाकों में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। मंगलवार को गोपालगंज में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया और 12 दुकानों में तोड़फोड़ की गई।

तनाव को देखते हुए जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर्रहमान अपना ऑस्ट्रेलिया-मलेशिया दौरा बीच में छोड़कर ढाका लौट रहे हैं। लॉकडाउन के एलान से बांग्लादेश में तनाव और अधिक बढ़ने की आशंका है।