टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में गंगा तट पर विदेशी पर्यटक महिलाओं द्वारा कचरा साफ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाएं हाथों में दस्ताने और काले कचरा बैग लेकर नदी किनारे चट्टानों और रेत के बीच पड़ी प्लास्टिक की पन्नियां और अन्य कचरा एकत्र करती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं दूसरे देशों से ऋषिकेश घूमने आई हैं।
विदेशी पर्यटकों की इस पहल की इंटरनेट मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। यूजर्स का कहना है कि गंगा को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम, नगर पालिका या सफाई कर्मचारियों की नहीं, बल्कि हर श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय नागरिक की भी है। महिलाओं की यह पहल स्वच्छता का संदेश देने के साथ ही सभी को आत्ममंथन के लिए प्रेरित कर रही है।
वहीं, वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने सवाल उठाया है कि आखिर दूसरे देशों से ऋषिकेश घूमने आए पर्यटकों को यहां की प्राकृतिक धरोहर और गंगा तट की सफाई क्यों करनी पड़ रही है।
