सऊदी अरब की राजधानी रियाद में फाइनेंशियल सेंटर के एक टावर पर हूती लड़ाकों के हमले में दो भारतीय नागरिकों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए हैं। सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक यह हमला मंगलवार को हुआ। घायलों में सऊदी अरब, नेपाल और मिस्र के नागरिक भी शामिल हैं।
सऊदी सिविल डिफेंस के जनरल डायरेक्टोरेट ने एक्स पर जारी बयान में बताया कि घायलों में दो सऊदी नागरिक, दो भारतीय नागरिक, तीन नेपाली नागरिक और चार मिस्र के नागरिक हैं। बयान के अनुसार, घटना के तुरंत बाद संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई की और ऐसे मामलों से निपटने की निर्धारित प्रक्रियाओं तथा उपायों को लागू करते हुए लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए।
इस बीच लेबनान और कतर ने हमले की कड़ी निंदा की है। लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि वह रियाद के फाइनेंशियल सेंटर के एक टावर पर हूथी समूह द्वारा किए गए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने इसे सऊदी अरब जैसे मित्र देश की संप्रभुता और सुरक्षा पर खुला हमला तथा इस क्षेत्र की सुरक्षा व स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, कतर ने भी हमले की निंदा की है। कतर ने इसे आक्रामकता का शर्मनाक कृत्य करार दिया और कहा कि यह सऊदी अरब की संप्रभुता तथा अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। कतर के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाने वाले हमलों का कड़ा विरोध जताया और ऐसी कार्रवाई तुरंत रोकने की मांग की।
