बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी की योजना पर ढाका ने साफ इनकार कर दिया है। हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने का मन बनाया है, जिस दिन देश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर विजय का उत्सव मनाता है। उनके प्रवक्ता के मुताबिक हसीना (79) ने बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। वहीं बांग्लादेश सरकार का कहना है कि हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा और उनके साथ विदेश में रह रहे किसी दोषी भगोड़े जैसा बर्ताव किया जाएगा।
इस बीच पूर्व राजनयिक वीणा सीकरी ने कहा है कि जब से शेख हसीना ने बांग्लादेश वापस जाने की बात कही है, वहां भूचाल मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर हसीना को जान का खतरा भी होगा तो वह अपने ही देश में मरना पसंद करेंगी। सीकरी के मुताबिक हसीना खुद भी अपने देश लौटना चाहती हैं और उनके समर्थक भी यही चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश से मिले फीडबैक के आधार पर ही हसीना ने यह फैसला लिया होगा। सीकरी ने यह भी कहा कि बांग्लादेश के हालात लगातार खराब हो रहे हैं और देश आर्थिक तौर पर गहरे संकट में है।
हसीना के प्रवक्ता अली ने बताया कि उन्होंने नौ और 19 नवंबर को अपने वकील के जरिए भेजे गए पत्रों में नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से जरूरी यात्रा दस्तावेजों का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि हसीना ने संकेत दिया है कि उनकी वापसी 16 दिसंबर को विजय दिवस पर होगी। हसीना ने जोर दिया है कि वह बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान एयरलाइन्स से लौटेंगी, क्योंकि पांच अगस्त 2024 को वह बांग्लादेश के विमान से भारत गई थीं। अली के मुताबिक सरकार की जिम्मेदारी है कि संविधान के विपरीत निर्वासित किए जाने के बाद 16 दिसंबर को उनकी वापसी संभव बनाई जाए।
गौरतलब है कि छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनविद्रोह के बाद हसीना के 15 साल के शासन का अंत हुआ और वह पांच अगस्त 2024 को भारत चली गईं, जहां वह निर्वासन में हैं। जनविद्रोह से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में नवंबर 2025 में उन्हें गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसमें सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे। बांग्लादेश भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, जबकि नई दिल्ली का कहना है कि ढाका के अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के जरिए इसका अध्ययन किया जा रहा है। हसीना ने अपने खिलाफ आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह बांग्लादेश लौटना और अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करना चाहती हैं।
