ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना का ऐलान किया है। वह अगस्त 2024 में पद से हटने के बाद से भारत में रह रही हैं। उनकी पार्टी और प्रवक्ता ने वापसी को लेकर ऐलान किया है, लेकिन अमेरिकी टिप्पणीकार और दक्षिण एशिया के विशेषज्ञ माइकल कुगेलमैन का मानना है कि वह बांग्लादेश वापस नहीं लौटेंगी। उन्होंने इसकी वजह बांग्लादेश का रुख बताया है, जहां साफ किया गया है कि हसीना आम नागरिक की तरह वापस नहीं आ सकतीं और उन्हें भारत से प्रत्यर्पित करके ही लाया जाएगा।

कुगेलमैन के मुताबिक, अगर हसीना किसी तरह ढाका पहुंच भी जाती हैं तो सबसे मुमकिन यही है कि उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। इससे उनके समर्थकों में जोश आएगा और यह धारणा बनेगी कि उन्हें पीड़ित बनाया जा रहा है, जो मौजूदा तारिक सरकार नहीं चाहेगी। विशेषज्ञ का मानना है कि हसीना वापसी का दावा इसलिए कर रही हैं ताकि अपने समर्थकों को एकजुट कर सकें और सत्ता में वापसी की उम्मीद जगा सकें। ढाका लौटने पर वह सरकार की कमजोरियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगी, खासतौर से आर्थिक संकट उनको मौका दे सकता है।

तारिक रहमान की सरकार में विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने हसीना के आम यात्री की तरह लौटने की संभावना को पूरी तरह नकारा है। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल प्रत्यर्पण के जरिए ही वापस लाया जा सकता है। कबीर के मुताबिक, हसीना एक अपराधी की तरह हथकड़ी लगाए हुए ही भारत से ढाका आएंगी, क्योंकि वह देश में अपराधी हैं और मौत की सजा पा चुकी हैं।

हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में ढाका की एक अदालत फांसी की सजा सुना चुकी है। हसीना के बाद आए बांग्लादेश की मोहम्मद यूनुस के अंतरिम प्रशासन और मौजूदा तारिक सरकार ने भारत से बार-बार उनके प्रत्यर्पण की मांग की है। भारत सरकार ने अब तक ऐसे संकेत नहीं दिए हैं कि वह हसीना को ढाका को सौंप सकता है।