प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में असम के सिलचर में करीब 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नया एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि सिलचर के डोलू में प्रस्तावित इस एयरपोर्ट पर व्यस्ततम समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी और सालाना 10.1 लाख यात्रियों का आवागमन संभव होगा। परियोजना पर होने वाला खर्च भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगा।
फिलहाल सिलचर एयरपोर्ट का स्वामित्व भारतीय वायुसेना और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के पास है, जहां 70 एकड़ में फैले हिस्से से नागरिक विमान सेवाओं का संचालन होता है। वैष्णव ने कहा कि नया एयरपोर्ट बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्र को हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने में भी मदद करेगा।
कैबिनेट ने एक अन्य फैसले में पांच साल में डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए 1,141 करोड़ रुपये की मंजूरी दी। वैष्णव के अनुसार, इस राशि का इस्तेमाल डाक नेटवर्क के आधुनिकीकरण तथा चिट्ठी-पत्री और पार्सल सेवाओं को मजबूत करने में किया जाएगा। मंजूर परियोजनाओं में ग्रामीण डाकघरों का उन्नयन, डाक और पार्सल के परिवहन एवं वितरण की मध्यवर्ती लॉजिस्टिक व्यवस्था को मजबूत करना तथा सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाना शामिल है।
बैठक में देश में निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण (सीआईई) विनिर्माण परिवेश को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई। यह योजना आठ सालों (वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक) के लिए लागू होगी। वैष्णव ने बताया कि भारत का निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण उद्योग दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है और वित्त वर्ष 2024-25 में इसका बाजार आकार 97,000 करोड़ रुपये था, लेकिन इस क्षेत्र की करीब 45 प्रतिशत जरूरतें आयात से पूरी होती हैं।
