सोनपुर मेले में इस बार रेल ग्राम दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है। यहां भारतीय रेलवे के 175 साल पुराने इतिहास और तकनीकी विकास की झलक देखने को मिल रही है। रेलवे की ओर से लगाई गई विरासत प्रदर्शनी में पेड़ पर लटकाया गया पुराने जमाने का भाप इंजन लोगों का ध्यान खींच रहा है। एलईडी रोशनी से सजी इस प्रस्तुति को देखने के लिए मेले में आने वाले लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
प्रदर्शनी के जरिए नई पीढ़ी को भारतीय रेलवे के शुरुआती दौर से लेकर आधुनिक रेल व्यवस्था तक की जानकारी दी जा रही है। बुजुर्गों को इससे अपने पुराने रेल सफर की यादें ताजा करने का मौका मिल रहा है, जबकि बच्चे रेलवे के इतिहास को करीब से समझ रहे हैं। प्रदर्शनी में घोड़ों से बग्घियां खींचने, बैलों के सहारे रेलगाड़ी चलाने और हाथियों की मदद से मालगाड़ी के डिब्बों को धकेलने के मॉडल भी दिखाए गए हैं। इनके जरिए बताया गया है कि शुरुआती समय में रेल परिवहन को विकसित करना कितना चुनौतीपूर्ण था। भाप इंजन की कार्यप्रणाली भी यहां समझाई गई है।
रेल ग्राम में भारतीय रेलवे के ऐतिहासिक पड़ावों को चित्रों और मॉडलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में 22 दिसंबर 1851 को पहली बार रेल चलने और 16 अप्रैल 1853 को मुंबई से ठाणे के बीच पहली यात्री ट्रेन के परिचालन का उल्लेख है। करीब 35 किलोमीटर की इस यात्रा में भाप इंजन के साथ 14 डिब्बे लगाए गए थे। यहां भारतीय रेलवे अधिनियम 1890, वर्ष 1936 में वातानुकूलित यात्री डिब्बों की शुरुआत और 1950 में रेलवे के राष्ट्रीयकरण से जुड़ी जानकारियां भी दी गई हैं।
रेल ग्राम में वर्तमान व्यवस्था की जानकारी भी दी जा रही है। यहां सिग्नल, सुरक्षा, चिकित्सा, वाणिज्य और यांत्रिक इंजीनियरिंग विभागों की जिम्मेदारियों को प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा जीआरपी और आरपीएफ की भूमिका, बिना टिकट यात्रा और रेलवे नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई के बारे में भी बताया जा रहा है। सोनपुर रेल मंडल के कर्मचारियों की ओर से तैयार यह प्रदर्शनी भारतीय रेलवे की ऐतिहासिक यात्रा को एक ही स्थान पर समझने का अवसर दे रही है।
