जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद देशभर में पारा गिर रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में झीलें जम चुकी हैं, जबकि मैदानी राज्यों में कोहरा बढ़ गया है। रात का तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9°C दर्ज किया गया। देश के मैदानी शहरों में भोपाल छठे स्थान पर रहा। यहां का पारा शिमला (9.2°C) और शिलांग (9.3°C) से भी नीचे रहा। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3°C दर्ज किया गया।

सोमवार को श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। श्रीनगर में रात का तापमान माइनस 1.6°C और पहलगाम में माइनस 4.6°C तक पहुंच गया।

राजधानी दिल्ली की हवा लगातार 10वें दिन जहरीली बनी हुई है। मंगलवार को डेटा रिकॉर्ड करने वाले 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 34 स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता 'खराब', 19 पर 'मॉडरेट' और 5 पर 'बहुत खराब' श्रेणी में रही। IMD के 'एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम' ने अनुमान लगाया है कि अगले 3 दिन तक दिल्ली की हवा बेहद खराब रहने की संभावना है। CPCB के अनुसार, 0-50 AQI को अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर माना जाता है।