दिल्ली के एक कैफे में 22 साल की युवती से कथित गैंगरेप के मामले में मंगलवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पीड़िता की दो महिला सहकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीन अन्य सहकर्मी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और छह आरोपी पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के कैफे-8 में साथ काम करते हैं। सोमवार रात प्रीत विहार स्थित कैफे के बंद होने के बाद युवती और उसके छह सहकर्मी वहां पार्टी करने के लिए रुके थे। कैफे रात करीब 11:30 बजे बंद हुआ था, लेकिन एक कर्मचारी के पास चाबी होने के कारण इसे दोबारा खोला गया। इसके बाद सभी ने पार्टी की और शराब पी। सुबह करीब 3:30 बजे सभी वहां से चले गए।
पीड़िता का आरोप है कि पार्टी के दौरान दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ रेप किया। उसने अन्य महिला साथियों पर भी इस घटना में मदद और समर्थन करने का आरोप लगाया है। पुलिस पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद युवती सीधे थाने नहीं गई थी। वह अपने एक पुरुष मित्र और दो अन्य युवतियों के साथ कुछ समय तक रही, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इसके बाद सुबह करीब 5:45 बजे वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई गई।
इस बीच, मुंबई के विक्रोली इलाके में 13 साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। बच्ची की मां की शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर के पहले सप्ताह में कपड़े बेचने वाले एक व्यक्ति ने नाप लेने के बहाने बच्ची को घर के पास बुलाया और गलत तरीके से छुआ। इसके बाद वह बार-बार बच्ची का पीछा भी करता रहा। 24 नवंबर को मां ने आरोपी को इलाके में पहचान लिया। भागने की कोशिश के दौरान स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
