दिल्ली के प्रीत विहार स्थित एक कैफे में 22 साल की युवती से कथित गैंगरेप के मामले में मंगलवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें साथ काम करने वाली दो महिलाएं भी शामिल हैं। तीन अन्य सहकर्मी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और छह आरोपी पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के कैफे-8 में साथ काम करते हैं। सोमवार रात प्रीत विहार स्थित कैफे के बंद होने के बाद युवती और उसके छह सहकर्मी वहां पार्टी करने के लिए रुके थे। कैफे रात करीब 11:30 बजे बंद हो गया था, लेकिन एक कर्मचारी के पास चाबी होने के कारण उसे दोबारा खोला गया। इसके बाद सभी ने पार्टी की और शराब पी। सुबह करीब 3:30 बजे सभी वहां से चले गए।
पीड़िता का आरोप है कि पार्टी के दौरान दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ रेप किया। उसने अन्य महिला साथियों पर भी इस घटना में मदद और समर्थन करने का आरोप लगाया है। पुलिस पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद युवती सीधे थाने नहीं गई थी। वह अपने एक पुरुष मित्र और दो अन्य युवतियों के साथ कुछ समय तक रही, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इसके बाद सुबह करीब 5:45 बजे वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
