पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस भवन में बातचीत के दौरान दावा किया कि राज्य में करीब 10 बड़े गैंगस्टर ऑपरेटर, 500 गैंगस्टर और उनके 750 से 1000 तक गुर्गों का नेटवर्क सक्रिय है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और भाजपा की मिलीभगत से राज्य में अपराध, नशा और गैंगस्टरवाद बढ़ा है। बाजवा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगते हुए कहा कि साढ़े चार साल में पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह विफल रही है।
बाजवा ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशा पहुंचने की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने गुरदासपुर के हरदो छन्नी गांव में खेतों से चार हैंड ग्रेनेड, दो पिस्तौल और 60 कारतूस बरामद होने का हवाला देते हुए कहा कि पठानकोट से फाजिल्का तक करीब 550 किलोमीटर लंबी सीमा पर सुरक्षा के बावजूद हथियारों की तस्करी जारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री का एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने का वादा अब तक पूरा क्यों नहीं हुआ और आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री पंजाब में हथियारों व नशे की खेप रोकने में विफल हैं। उन्होंने कहा कि फिरौती, धमकियों और गैंगस्टर गतिविधियों के कारण कारोबारी और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बाजवा ने आप और भाजपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए आरोप लगाया कि नशे और अपराध के नेटवर्क को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने पर कांग्रेस गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगी। उन्होंने लैंड पूलिंग नीति रद्द होने का श्रेय कांग्रेस के विरोध को देते हुए कहा कि इससे जनता की करीब सवा लाख करोड़ रुपये की संपत्ति बची। माइनिंग से सालाना 20 हजार करोड़ रुपये सरकारी खजाने में आने के केजरीवाल के दावे पर सवाल उठाते हुए बाजवा ने कहा कि करीब एक लाख करोड़ रुपये के खनन कारोबार के बावजूद सरकार को महज 1500 करोड़ रुपये मिलने का दावा है और बाकी पैसा कहां गया, इसकी जांच होनी चाहिए।
इस मौके पर चुनावी मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन और सांसद डॉ. अमर सिंह ने बताया कि कांग्रेस को पंजाब के विभिन्न वर्गों से 500 से अधिक ज्ञापन मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का मैनीफेस्टो किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों समेत सभी वर्गों की जरूरतों और आकांक्षाओं पर आधारित होगा तथा पंजाब के आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक सुधारों का रोडमैप तैयार करेगा। कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस सह-प्रभारी रविंदर दलवी भी मौजूद रहे।
