शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश में भारत विरोधी बयानबाजी तेज हो गई है। बांग्लादेश की नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह के एक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा पोस्ट लिखकर अर्जुन सिंह के तत्काल मंत्रिपद से हटाए जाने की मांग की। साथ ही उनसे अपना बयान वापस लेकर माफी मांगने को भी कहा।

अर्जुन सिंह ने कथित तौर पर कहा था कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश पर कब्जा कर लिया जाएगा। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और हत्या का हवाला देते हुए कहा था कि इसका बदला लेना जरूरी है और इसीलिए 16 दिसंबर को बड़ा ऐक्शन होगा। गौरतलब है कि 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने आत्मसमर्पण किया था और विजय दिवस मनाया जाता है।

नाहिद इस्लाम ने कहा कि भारत बांग्लादेश की संप्रभुता को चुनौती दे रहा है और भारत सरकार अपने नेताओं पर नियंत्रण नहीं रखती। उन्होंने कहा कि भारत की अखंडता और संप्रभुता भी पड़ोसियों पर निर्भर है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भारत बांग्लादेश की संप्रभुता और अखंडता के लिए चुनौती बनता है तो उसे भी इसका परिणाम भुगतना होगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के 18 करोड़ लोगों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और बांग्लादेश के लोग देश के खिलाफ किसी भी साजिश का जवाब देने को तैयार हैं।

एनसीपी नेता ने कहा कि बंगाल के मंत्री के बयान को 48 घंटे से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन दिल्ली की सरकार इस पर कुछ नहीं बोल रही, जिससे बांग्लादेश की संप्रभुता को खतरा दिखता है। उन्होंने बांग्लादेश सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए इसे कमजोर कूटनीति बताया। इससे पहले बांग्लादेशी संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने इस्लामाबाद में भारत के खिलाफ बयान दिए थे। उन्होंने कहा था कि 1971 का मुक्त संग्राम झूठ था और भारत ने बांग्लादेशियों की कोई मदद नहीं की। उन्होंने यह भी कहा था कि शेख हसीना की सत्ता के दौरान बांग्लादेश भारत का उपनिवेश बन गया था। नाहिद इस्लाम ने भी भारत की भूमिका को नजरअंदाज करते हुए कहा कि लाखों बंगालियों ने मिलकर आजादी हासिल की है और वे इसकी रक्षा करना जानते हैं। शेख हसीना को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रधानमंत्री को कठपुतली बनाकर रखा था, लेकिन अब उनकी वापसी नहीं हो पाएगी। बता दें कि शेख हसीना ने बांग्लादेश वापसी का ऐलान किया है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वे कब तक वापस जा सकती हैं।