दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर भारत के 13 राज्यों में आज घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घने कोहरे को लेकर चेतावनी दी गई है। वहीं, राजस्थान के चार जिलों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जिसके चलते यहां लगातार दूसरे दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में पारा लगातार गिर रहा है। गुरुवार को कुलगाम में पेड़ों पर बारिश का पानी जम गया, जहां तापमान माइनस में चल रहा है। श्रीनगर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। दक्षिण भारत में भी सर्दी का असर देखा जा रहा है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू में तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी कम रही। रायलसीमा में तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वी हवाओं के असर से अगले दो दिनों में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
इस बीच, दिल्ली की हवा गुरुवार को लगातार 12वें दिन 'खराब' श्रेणी में रही। 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 224 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा 15 नवंबर से लगातार 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, 0-50 AQI अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी में आता है।
