संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने शुक्रवार दोपहर केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में यह बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में होगी। सभी मंत्रियों को बैठक की सूचना भेज दी गई है, ताकि वे इसमें उपस्थित रहें। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा होगी।

इस विधेयक के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रविधान है। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस विधेयक में कुछ संशोधन कर सकती है। बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से कहा था कि सरकार जल्द ही संसद का सत्र बुला सकती है, इसलिए वे अगले कुछ दिनों तक उपलब्ध रहें और दिल्ली से बाहर की अपनी यात्राएं टाल दें।

गौरतलब है कि सरकार बीते अप्रैल महीने में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में लाई थी, लेकिन उसे दो तिहाई सांसदों का समर्थन नहीं मिल सका। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 234 मत पड़े थे। सरकार दो तिहाई बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई थी।

इस बीच, बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में हुई टूट के बाद उसके 20 लोकसभा सदस्य राजग के सहयोगी के रूप में भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं। इसी दरम्यान शिवसेना यूबीटी में भी टूट हुई और उसके छह लोकसभा सदस्य भाजपा के सहयोगी एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो चुके हैं। इस तरह भाजपा-राजग के पास इस समय घोषित रूप से 319 लोकसभा सदस्यों का समर्थन है, जबकि दो तिहाई आंकड़े के लिए करीब 360 सदस्यों की जरूरत है। शरद पवार की राकांपा (शरदचंद्र पवार) के पास आठ तो द्रमुक के पास 22 लोकसभा सदस्य हैं। ये दोनों पार्टियां परिसीमन पर सरकार का साथ देती हैं तो यह आंकड़ा 349 तक पहुंच जाएगा।