उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के टंगमर्ग के वारिपोरा इलाके में दो दिनों के भीतर तीन तेंदुआ शावक मृत पाए गए हैं। वन्यजीव विभाग के रेंज अधिकारी टंगमर्ग शाहिद सुल्तान के अनुसार, 17 नवंबर को पुलिस स्टेशन कुंजर से दो मादा शावकों की मौत की सूचना मिली थी। सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव बरामद कर नियंत्रण कक्ष लाई, जिसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसी इलाके में तीसरे शावक के मृत मिलने की सूचना पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और उसका शव भी बरामद किया। मृत शावकों में दो मादा और एक नर शामिल है।

पशु चिकित्सकों की शुरुआती जांच में शावकों के जहरीले पदार्थ के संपर्क में आने की आशंका सामने आई है। पेट में मिले अवशेषों से संकेत मिलता है कि शावकों ने किसी कुत्ते को खाया हो सकता है, और यह पता लगाने के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं कि कहीं वह कुत्ता किसी जहरीले पदार्थ या बीमारी से संक्रमित तो नहीं था। विभाग ने तीनों शावकों के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। विभाग का कहना है कि मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

आसपास के इलाके की तलाशी भी ली गई, ताकि किसी जहरीले चारे या अन्य संदिग्ध सामग्री का पता लगाया जा सके, लेकिन अब तक ऐसा कुछ नहीं मिला है। शवों पर किसी तरह की चोट या बाहरी हमले के निशान भी नहीं हैं।

इस बीच, तेंदुओं की आवाजाही को लेकर विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर बागों और जंगलों के आसपास रहने वाले परिवारों को सुबह और शाम के समय सावधानी बरतने, बच्चों को अकेला न छोड़ने और अंधेरा होने के बाद अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। घरों के आसपास झाड़ियों और कचरे को साफ रखने को भी कहा गया है। विभाग की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं।