स्विट्जरलैंड के बर्न एयरपोर्ट पर तेज हवाओं के बीच एक जेट विमान की लैंडिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विमान लैंडिंग के लिए आगे बढ़ता दिख रहा है और तेज हवाओं से जूझ रहा है। ये हवाएं इतनी तेज थीं कि विमान बुरी तरह डगमगा गया और एक तरफ झुक गया।

यह वीडियो एविएशन फोटोग्राफर मैथियास हेनी ने रिकॉर्ड किया है। उनके कैमरे में लैंडिंग के अंतिम चरण का वह खतरनाक पल कैद हुआ, जब विमान खराब मौसम से गुजर रहा था। वीडियो में विमान पहाड़ों के बीच से गुजरता नजर आ रहा है, जहां करीब 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं।

एयरबस A319 विमान तेज क्रॉसविंड के बीच लैंडिंग करता दिखा। 35 नॉट तक की तेज हवाओं के कारण विमान हवा में तेजी से झुका, लेकिन पायलट ने खराब मौसम के बावजूद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई।

कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह विमान कतर के सरकारी प्रतिनिधिमंडल को लेकर आया था। घटना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।