यूक्रेन ने गुरुवार को रूस से क्रीमिया को जोड़ने वाले कर्च ब्रिज पर हमला किया। इस बार हमला ब्रिज के रेलवे ट्रैक पर किया गया, जिससे उस पर आवागमन रुक गया। हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह एक सप्ताह में इस ब्रिज पर तीसरा हमला है। इससे पहले सोमवार को हुए दूसरे हमले में सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ था और कुछ घंटों के लिए वाहनों का आवागमन रुका था।
क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्सीओनोव ने कहा है कि हमले से हुए नुकसान को कुछ घंटों में ठीक कर लिया जाएगा और उसके बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। रॉयटर के मुताबिक, यह हमला उस समय हुआ है जब चीन के शेनझेन शहर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच वार्ता चल रही है। इस वार्ता में यूक्रेन में युद्धविराम पर भी चर्चा हो सकती है।
समुद्र के ऊपर बना यह 19 किलोमीटर लंबा ब्रिज रूस और क्रीमिया को जोड़ता है और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। यूक्रेन का हिस्सा रहे क्रीमिया प्रायद्वीप पर 2014 में कब्जे के बाद रूस ने इस ब्रिज का निर्माण कराया था। 2018 से इस्तेमाल हो रहा यह ब्रिज यूरोप का सबसे लंबा ब्रिज है और इसे राष्ट्रपति पुतिन के कार्यकाल की उपलब्धि माना जाता है। इसके जरिये रूस प्रायद्वीप में रहने वाले करीब 25 लाख लोगों और वहां तैनात सैनिकों के लिए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करता है।
