शिकागो में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पाकिस्तान के साथ बातचीत को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से भारत में आतंकवाद को बढ़ावा दिए जाने के कारण बातचीत तब तक संभव नहीं है जब तक यह सिलसिला रुक नहीं जाता।
शिकागो विश्वविद्यालय में 'ईरान युद्ध और दुनिया में भारत की भूमिका' विषय पर आयोजित चर्चा में एक पाकिस्तानी छात्र ने राहुल गांधी से सवाल पूछा कि क्या भारत और पाकिस्तान आपसी फायदे के लिए ब्लेम-गेम से आगे बढ़कर मिलकर काम कर सकते हैं और यह भी सुनिश्चित कर सकते हैं कि बाहरी ताकतें इस स्थिति का फायदा न उठा पाएं।
जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि गुंजाइश तो है, लेकिन सबसे बड़ी समस्या पाकिस्तान द्वारा भारत में आतंकवाद को समर्थन और बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकार नहीं किया जा सकता कि भारत में बेगुनाह लोग मारे जाएं और साथ ही पाकिस्तान के साथ बातचीत भी जारी रहे। उनके अनुसार, जिस पल यह सब रुक जाएगा, उस पल बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है।
राहुल गांधी ने अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के संदर्भ में पाकिस्तान की मध्यस्थता की भूमिका पर भी टिप्पणी की और कहा कि भारत इस मामले में एक 'साइड प्लेयर' बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ईरानियों और अमेरिकियों के साथ बातचीत में व्यस्त है, जबकि भारत तमाशा देख रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐतिहासिक और बुनियादी तौर पर भारत पाकिस्तान से कहीं बड़े स्तर पर है।
