अमेरिका में पढ़ाई कर रहे भारतीय स्टूडेंट्स के लिए फिलहाल राहत की खबर है। मैसाचुसेट्स की यूएस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने 16 नवंबर को डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) के उस प्रस्तावित नियम को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसके तहत मौजूदा 'ड्यूरेशन ऑफ स्टेटस' (D/S) व्यवस्था को खत्म करने की योजना बनाई गई थी। कोर्ट ने कहा कि सरकार का यह नियम एडमिनिस्ट्रेटिव प्रोसिजर एक्ट के तहत मनमाना है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार इस सिस्टम को बदलने की तैयारी कर रही थी।

कोर्ट के फैसले का सीधा मतलब है कि अब मौजूदा D/S व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी। इस सिस्टम के तहत F-1 वीजा होल्डर को जो फॉर्म I-94 मिलता है, उस पर देश छोड़ने की तय तारीख की जगह आमतौर पर D/S लिखा होता है। इसका अर्थ है कि जब तक कोर्स चल रहा है और इमिग्रेशन नियमों का पालन हो रहा है, तब तक स्टूडेंट अमेरिका में रह सकते हैं। इसमें 'ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग' (OPT) और STEM OPT एक्सटेंशन जैसी ट्रेनिंग तथा उसके बाद मिलने वाला ग्रेस पीरियड भी शामिल है।

प्रस्तावित बदलाव के तहत 4 साल की तय अवधि लागू होने से सबसे ज्यादा उन भारतीय स्टूडेंट्स पर असर पड़ता, जो पीएचडी, रिसर्च प्रोग्राम या ऐसी मास्टर डिग्री ले रहे हैं, जिसे पूरा होने में ज्यादा समय लगता है। नियम के तहत अगर कोर्स 4 साल से ज्यादा लंबा होता, तो स्टूडेंट को वीजा एक्सटेंशन के लिए अप्लाई करना पड़ता और एक्सटेंशन मिलने की गारंटी भी नहीं होती।

स्टूडेंट्स को सिर्फ इसलिए एक्सटेंशन के लिए अप्लाई करने की जरूरत नहीं है क्योंकि उनका कोर्स चार साल से ज्यादा समय ले रहा है। उन्हें अपने कोर्स की एक्सपायरी डेट का ध्यान रखना होगा और इस तारीख को नजरअंदाज नहीं करना है। अगर कोर्स पूरा करने के लिए ज्यादा समय चाहिए, तो फॉर्म I-20 पर दी गई वर्तमान एक्सपायरी डेट से पहले अपने 'डेजिग्नेटेड स्कूल ऑफिशियल' (DSO) से संपर्क करना होगा। एलिजिब होने पर DSO 'स्टूडेंट एंड एक्सचेंज विजिटर इंफॉर्मेशन सिस्टम' (SEVIS) में एकेडमिक प्रोग्राम की एक्सपायरी डेट आगे बढ़ा सकता है। छात्रों को फुल-टाइम एनरोलमेंट बनाए रखना होगा, उचित इजाजत के साथ ही काम करना होगा, अपना I-20 अपडेट रखना होगा और रेजिडेंशियल एड्रेस में बदलाव की जानकारी 10 दिनों के भीतर DSO को देनी होगी। फिलहाल F-1 छात्र पहले की तरह अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं और उनका ठहरना कोर्स पर निर्भर करता है, न कि तय वर्षों की संख्या पर।