यमन के हूती लड़ाकों ने गुरुवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर मिसाइल हमला किया, जिसमें पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीआईएफ) मुख्यालय के भवन को भारी नुकसान पहुंचा है। रियाद की 80 मंजिलों वाली सबसे ऊंची बिल्डिंग को निशाना बनाया गया और उसकी सात-आठ मंजिलें तबाह हो गईं। हमले में बिल्डिंग के नजदीकी भवनों को भी नुकसान हुआ और उनमें आग लग गई। सऊदी अरब ने हमले की पुष्टि की है, लेकिन किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी है। बताया गया है कि पीआईएफ बिल्डिंग किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित है और मिसाइल तेज आवाज के साथ भवन से टकराई, जिससे पूरी राजधानी दहल गई।

बुधवार-गुरुवार रात हुए इस हमले के बाद क्षेत्र में जाने पर रोक लगा दी गई है। रियाद प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इससे पहले आठ नवंबर को हूती ने इलाके में स्थित तेल कंपनी अरामको के कॉर्पोरेट कार्यालय को निशाना बनाया था।

दूसरी ओर, हूती ने बताया है कि सऊदी अरब ने गुरुवार रात यमन की राजधानी सना पर बमबारी की, जिसमें कई लोग मारे गए और घायल हुए हैं। इन हमलों के बावजूद सऊदी अरब का तेल निर्यात बढ़ा है। सितंबर के आंकड़ों के अनुसार यह बीते सात महीनों के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है, जब प्रतिदिन 50 लाख बैरल से अधिक कच्चे तेल का निर्यात हुआ। इसका असर यह रहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल का मूल्य 100 डॉलर प्रति बैरल से कम बना हुआ है।

सऊदी अधिकारियों ने नाम सार्वजनिक न करते हुए कहा है कि यमन में लड़ाई कई महीनों और चल सकती है, जिसका असर सऊदी अरब पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका इस लड़ाई में हस्तक्षेप करे तो हालात बदल सकते हैं और जल्द शांति स्थापित हो सकती है, लेकिन ईरान के बाद अब यमन की लड़ाई में फंसना अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को उचित नहीं लग रहा है।