भागलपुर और जमालपुर के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने का रास्ता साफ हो गया है। 1094.53 करोड़ रुपये की लागत से 52.81 किलोमीटर लंबी इस लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। तीन महीने में भू-अर्जन पूरा करने और तीन साल में निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इससे यात्रियों और कोयला ढुलाई को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्व रेलवे के कंस्ट्रक्शन एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अखिलेश कुमार के अनुसार, परियोजना को गति देने के लिए कंस्ट्रक्शन विभाग, भागलपुर और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुंगेर व भागलपुर रेल क्षेत्र में करीब 66 हेक्टेयर जमीन के सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया है। यह प्रक्रिया तीन महीने में पूरी कर जिला भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी द्वारा जमीन रेलवे को सौंपने की तैयारी है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
इस परियोजना के लिए पहले 1893 करोड़ रुपये का प्राक्कलन रेलवे बोर्ड को भेजा गया था। रेलवे बोर्ड द्वारा लागत कम करने के निर्देश के बाद कंस्ट्रक्शन विभाग ने संशोधित बजट तैयार किया, जिसे हाल ही में मंजूरी मिल गई है। अगले तीन वर्षों में तीसरी लाइन बिछाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह इस रेलखंड से सफर करने वाले यात्रियों और कोयला ढुलाई के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है। बता दें कि इस खबर में इस्तेमाल तस्वीर एआई के माध्यम से जेनरेट की गई है।
