पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान के नारोवाल स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब जाकर मत्था टेकने के लिए विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी है। आम आदमी पार्टी की ओर से बुधवार को यह जानकारी दी गई। पार्टी के मुताबिक सीएम मान की यह यात्रा गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व से जुड़ी है, जो 24 नवंबर से शुरू होने वाला है।

मुख्यमंत्री की पाकिस्तान यात्रा की चर्चा पिछले महीने विधानसभा सत्र के दौरान उनके बयान के बाद शुरू हुई थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें लाहौर में होने वाले तीन दिवसीय सांस्कृतिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने का निमंत्रण मिला है। इसके साथ ही उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग भी की थी, जो भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के कारण अब भी बंद है।

विदेश मंत्रालय से जब इस मामले पर सवाल किया गया था, तो उसने स्पष्ट किया था कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को विदेश यात्रा की मंजूरी एक तय नीति के तहत दी जाती है। मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस्लामाबाद को लेकर नई दिल्ली के रुख का भी जिक्र किया था।

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था और 7 मई 2025 से करतारपुर कॉरिडोर पर ताला लगा हुआ है। मुख्यमंत्री मान लंबे समय से इसे खोले जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रकाश पर्व के अवसर पर गलियारा फिर से खोलने की अपील की थी। मान ने यह भी कहा था कि अगर गलियारा नहीं खुलता है, तो केंद्र सरकार उन्हें अटारी-वाघा सीमा के रास्ते गुरुद्वारा जाने की अनुमति दे सकती है।