इस्लामाबाद: पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को फतह-3 मिसाइल का परीक्षण किया। सेना की ओर से दावा किया गया है कि परीक्षण सफल रहा और मिसाइल ने तय मापदंडों को पूरा किया। इसे पाकिस्तान की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया जा रहा है। पाकिस्तान ने यह नहीं बताया है कि परीक्षण कब और कहां किया गया। सेना का दावा है कि फतह-3 एक क्रूज मिसाइल है, जिसे दुश्मन के रडार से पकड़ना मुश्किल है।

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन (ISPR) के मुताबिक, फतह-3 मिसाइल एडवांस्ड नेविगेशन और प्रपल्शन सिस्टम से लैस है। यह सुपरसोनिक गति से उड़ान भरते हुए लंबी दूरी के लक्ष्यों को सटीकता से भेद सकती है। आईएसपीआर ने अपने बयान में मिसाइल की रेंज का जिक्र नहीं किया है, लेकिन मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह 290 से 450 किलोमीटर दूर तक मार कर सकती है।

फतह-3 रैमजेट इंजन से चलने वाली सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है, जिसकी अधिकतम गति मैक 2.2 से मैक 4 तक बताई जाती है। रिपोर्टों के मुताबिक इसे NESCOM, ग्लोबल इंडस्ट्रियल डिफेंस सॉल्यूशंस (GIDS) और पाकिस्तान की आर्मी रॉकेट फोर्स कमांड (ARFC) ने मिलकर विकसित किया है। पाकिस्तानी सेना का दावा है कि यह मिसाइल पहले से ही रॉकेट फोर्स कमांड में तैनात है और नए परीक्षण से इसकी ऑपरेशनल फ्लेक्सिबिलिटी और स्ट्राइक रेंज बढ़ेगी। सेना का यह भी दावा है कि मिसाइल भारत के रडार को चकमा दे सकती है, हालांकि यह अभी कॉम्बैट में इस्तेमाल नहीं हुई है।

आईएसपीआर के अनुसार, परीक्षण के दौरान आर्मी रॉकेट फोर्स कमांड के कमांडर, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वेपन सिस्टम के विकास में जुड़े वैज्ञानिक और इंजीनियर मौजूद रहे। परीक्षण पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, आर्मी चीफ और सीडीएफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने बधाई दी है।