भोपाल के वैज्ञानिकों ने देश की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन विकसित की है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (निहसाद), आनंद नगर के वैज्ञानिकों ने यह टीका एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के खिलाफ तैयार किया है। शुक्रवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका औपचारिक लोकार्पण किया। उन्होंने संस्थान में 300 करोड़ रुपये की लागत से बीएसएल-4 लैब बनाने की घोषणा भी की।
संस्थान के अनुसार, इस वैक्सीन की एक खुराक की अनुमानित कीमत एक से दो रुपये हो सकती है और सालाना मांग 80 से 100 करोड़ खुराक तक पहुंच सकती है। टीके से मुर्गियों को करीब छह महीने तक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। यह विशेष रूप से अंडा देने वाली मुर्गियों और चूजे पैदा करने वाले प्रजनन पक्षियों के लिए उपयोगी होगा। परीक्षण के दौरान टीका लगाई गई मुर्गी को वायरस के संपर्क में लाया गया, लेकिन उसके साथ रखी दूसरी मुर्गी में संक्रमण नहीं फैला।
वैक्सीन विकसित करने का काम सितंबर 2025 में शुरू हुआ था और अगस्त 2026 में इसे तैयार कर लिया गया। निहसाद के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल के मार्गदर्शन और वैज्ञानिक डॉ. एस. नागराजन के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने इस पर काम किया। संस्थान के अनुसार, अब तक भारत में इस वायरस के संबंधित क्लेड के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। बर्ड फ्लू के प्रकोप पर संक्रमित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मुर्गियों को नष्ट करना पड़ता है, जिससे पोल्ट्री कारोबारियों और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट ने इस उपलब्धि को 'वन हेल्थ' की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 से भारत में H5N1 के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में 90 लाख से अधिक छोटे, मध्यम और घरेलू स्तर के पोल्ट्री पालक इस व्यवसाय से जुड़े हैं और स्वदेशी वैक्सीन उनके नुकसान को कम करने में भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम में वैक्सीन विकसित करने वाली टीम के आठ वैज्ञानिकों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
