'बिग बॉस 20' में 12वें हफ्ते का एलिमिनेशन होने वाला है। इस हफ्ते स्काउट ओपी, माही विज, गुल्लू, आम्रपाली दुबे, कनिका मान और लव गिल नॉमिनेट हुए हैं। चर्चा है कि मेकर्स इस बार डबल एविक्शन कर सकते हैं। शो के ग्रैंड फिनाले में अब चार हफ्ते बाकी हैं और घर में 10 कंटेस्टेंट्स मौजूद हैं। दो-तीन और एलिमिनेशन के बाद शो को अपने टॉप 5 फाइनलिस्ट मिल जाएंगे।
एलिमिनेशन की बात करें तो अगर दो कंटेस्टेंट्स बाहर होते हैं, तो माही विज का जाना लगभग तय माना जा रहा है, क्योंकि वो मीटर में लगातार सबसे नीचे चल रही हैं। वहीं, इस हफ्ते के पहले एविक्शन की खबर भी आ चुकी है। द खबरी की रिपोर्ट के मुताबिक, लव गिल घर से बेघर हो गई हैं।
इस हफ्ते के 'वीकेंड का वार' में सलमान खान ने काजी तौकीर को उनके 'लव डे' वाले कमेंट के लिए फटकार लगाई और कहा कि उन्हें माफी मांग लेनी चाहिए थी। सलमान ने याद दिलाया कि माही ने उन्हें माफी मांगने की सलाह दी थी, जबकि अरिशफा ने भी उन्हें रोकने की कोशिश की थी। सलमान ने काजी के 20 सालों के संघर्ष का जिक्र करते हुए उन्हें चेतावनी दी कि वे हताश न हों और वही गलतियां न दोहराएं। उन्होंने कहा कि काजी अपने कामों के नतीजों के बारे में सोचें और अगर वे उनका सामना करने के लिए तैयार हैं, तो आगे बढ़ें।
रिपोर्ट के अनुसार, सलमान ने स्काउट ओपी और गुल्लू को भी बुरी तरह फटकार लगाई और लव गिल के बारे में उनकी देर रात की बातचीत का क्लिप दिखाकर उनका पर्दाफाश किया। लव का दिल टूट गया और वह रो पड़ीं। अगर डबल एविक्शन होता है, तो अगला नंबर माही का हो सकता है। शो को लेकर पहले से खबरें चल रही हैं कि 20 दिसंबर को 'बिग बॉस 20' का फिनाले होगा।
