अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में एक सत्र में अपने संघर्ष और अभिनय यात्रा के अनछुए पहलुओं को साझा किया। उपन्यासकार प्रशांत कश्यप के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि बनारस की तंग गलियों से मुंबई तक का सफर आसान नहीं था। मेडिकल कॉलेज के दिनों में दोस्तों ने 'चला मुरारी हीरो बनने' कहकर मजाक भी उड़ाया, लेकिन उन्होंने अपना सपना नहीं छोड़ा। करीब 18 वर्षों के संघर्ष के बाद फिल्म 'मुक्काबाज' ने उनके अभिनय को नई पहचान दिलाई, जिसका स्क्रीनप्ले भी उन्होंने खुद लिखा।
पूछे जाने पर कि आगे बढ़ने की ऊर्जा कहां से मिलती है, विनीत ने कहा कि काशी में जन्म और वहां के वातावरण ने उनके भीतर अध्यात्म का भाव पैदा किया। संघर्ष के दिनों में जब छह-छह महीने तक काम नहीं मिलता था, तो वह खुद को रिचार्ज करने मणिकर्णिका घाट पहुंच जाते थे। वहां करीब दो घंटे बिताने के बाद जीवन की अंतिम सच्चाई का एहसास होता था, जिससे मन को शांति और आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिलती थी। उन्होंने कहा कि चेहरे की रौनक क्रीम से नहीं, बल्कि भीतर चल रही ऊर्जा और उम्मीद से आती है। उनके मुताबिक कलाकार को पानी की तरह होना चाहिए, जो हर परिस्थिति और किरदार के अनुसार खुद को ढाल सके।
विनीत ने बताया कि बतौर लेखक करियर बनाने के बजाय उन्होंने अभिनय को चुना, क्योंकि अपनी सहजता उन्हें अभिनय में अधिक महसूस होती थी। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बिना किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ना संभव नहीं है। अपने बचपन के रिश्ते को याद करते हुए उन्होंने कहा कि घर में अखबार सिर्फ पढ़ा नहीं जाता था, बल्कि चाटा जाता था। सर्दियों में उसी अखबार पर मूंगफली तोड़ी जाती थी और नमक चाटा जाता था। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि अखबार का कुछ नमक भी उनके भीतर गया होगा।
वेब सीरीज 'रंगबाज' के किरदार पर चर्चा के दौरान विनीत ने कहा कि संघर्ष ने उन्हें हर परिस्थिति स्वीकार करना और खुद को बदलना सिखाया है। महेंद्र सिंह धोनी को अपना प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की रचना 'रश्मिरथी' के प्रसंग 'कृष्ण की चेतावनी' का उल्लेख किया और उसका पाठ भी किया, जिस पर श्रोताओं ने खूब उत्साह दिखाया। आगामी परियोजनाओं के बारे में उन्होंने बताया कि अक्षय कुमार के साथ क्रिएचर फिल्म 'सामुक' की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा वह 'शक्ति शालिनी', 'दहाड़' सीजन-2 समेत कई फिल्मों व वेब सीरीज में नजर आएंगे।
