लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में साहित्य, कला और विचारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपना हुनर दिखाने का बड़ा मंच मिला। आयोजन में चित्रकारों, हस्तनिर्मित उत्पाद विक्रेताओं और गीतकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

चित्रकार कार्तिक शर्मा ने दो दिनों में 300 से अधिक लोगों के चित्र बनाए। उनकी कला देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटती रही और लोगों ने चित्रकारी के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, जिससे उनकी कला को सराहना और नए दर्शक मिले। ओपन माइक भी प्रतिभाओं के लिए खास आकर्षण रहा, जहां स्थानीय गीतकारों और संगीत प्रेमियों ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। किसी ने सुरीले गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया तो किसी ने अपनी प्रस्तुति से तालियां बटोरीं।

हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टालों को भी आयोजन से नई पहचान मिली। स्टाल संचालक स्मिता सोनी पिछले तीन वर्षों से आयोजन में अपने हस्तनिर्मित गहने, पर्स और अन्य उत्पादों का स्टाल लगा रही हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार यहां स्टाल लगाने के बाद उन्हें दूसरे आयोजनों से भी प्रस्ताव मिलने लगे। इस बार दो दिनों में 400 से अधिक लोगों ने उनके स्टाल से खरीदारी की। उनके लिए यह आयोजन सिर्फ बिक्री का मंच नहीं, बल्कि अपने हुनर को पहचान दिलाने का माध्यम भी बना है।

विभिन्न थीम पर बने सेल्फी प्वाइंट दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहे। हर तरफ युवा सेल्फी लेते और पलों को अपने कैमरे में कैद करते नजर आए। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की वर्षा ने काजल, अनामिका और नंदनी के साथ सेल्फी ली। इस तरह आयोजन में बड़े मंच की चर्चाओं के साथ छोटे-छोटे हुनर को भी अपनी चमक बिखेरने का मौका मिला।