कोहरे के मौसम में सुरक्षित परिचालन को देखते हुए रेलवे ने दिसंबर से फरवरी तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। पूर्व मध्य रेल की अधिसूचना के अनुसार एक दिसंबर से 28 फरवरी तक 20 जोड़ी ट्रेनों को पूरी तरह रद किया गया है। साथ ही कई ट्रेनों के फेरों में कटौती और दो ट्रेनों का आंशिक निरस्तीकरण किया गया है। इसका सीधा असर मुजफ्फरपुर से प्रयागराज के बीच सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

ट्रेन संख्या 14112 प्रयागराज-मुजफ्फरपुर और 14111 मुजफ्फरपुर-प्रयागराज एक्सप्रेस दो दिसंबर से 24 फरवरी तक हर सोमवार और बुधवार को रद रहेगी। निरस्तीकरण की तिथियां अलग-अलग हैं और कटौती एक दिसंबर से शुरू होकर कुछ ट्रेनों में दो मार्च तक जारी रह सकती है। पूरी तरह रद रहने वाली प्रमुख ट्रेनों में 22198 वीरांगना लक्ष्मीबाई-कोलकाता (4 दिसंबर से 26 फरवरी) और 22197 कोलकाता-वीरांगना लक्ष्मीबाई (6 दिसंबर से 28 फरवरी) शामिल हैं।

इसी तरह 22857 संतरागाछी-आनंद विहार टर्मिनल (7 दिसंबर से 22 फरवरी), 22858 आनंद विहार टर्मिनल-हटिया (8 दिसंबर से 23 फरवरी), 14003 मालदा टाउन-नई दिल्ली (5 दिसंबर से 2 मार्च) और 14004 नई दिल्ली-मालदा टाउन (3 दिसंबर से 28 फरवरी) भी रद रहेंगी। अन्य रद ट्रेनों में 14523 बरौनी-अंबाला, 14524 अंबाला-बरौनी, 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर और 14618 अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट शामिल हैं। इनके अलावा डिब्रूगढ़-चंडीगढ़, कामाख्या-गया, कामाख्या-आनंद विहार टर्मिनल और हावड़ा-देहरादून की ट्रेनें भी निर्धारित तिथियों में रद रहेंगी।

निर्धारित दिनों में न चलने वाली ट्रेनों में 11123 ग्वालियर-बरौनी (सोमवार, गुरुवार) और 11124 बरौनी-ग्वालियर (मंगलवार, शुक्रवार) शामिल हैं। वहीं 22406 आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर, 22405 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल, 15033 व 15034 पटना-लखनऊ जंक्शन तथा 15079 व 15080 पटना-गोरखपुर के फेरे घटाए गए हैं। ट्रेन 12177 हावड़ा-मथुरा का परिचालन 4 दिसंबर से 26 फरवरी तक आगरा कैंट से मथुरा के बीच और 12178 मथुरा-हावड़ा का परिचालन 7 दिसंबर से 22 फरवरी तक मथुरा से आगरा कैंट के बीच आंशिक रूप से रद रहेगा। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तिथि और स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है।