पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने गठबंधन का एलान किया है। मंगलवार को नई दिल्ली में सुखबीर सिंह बादल और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि गठबंधन में अकाली दल 'बड़े भाई' की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री का चेहरा भी अकाली दल से ही होगा। दोनों पार्टियां मिलकर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। शाह ने इस गठबंधन को हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताया और कहा कि NDA का पुराना साथी लौट आया है।

अमित शाह ने कहा कि सीमावर्ती राज्य पंजाब में नशीले पदार्थों की समस्या से निपटना, भ्रष्टाचार को खत्म करना और कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करना इस गठबंधन की मुख्य प्राथमिकताएं होंगी। उन्होंने कहा कि गिरोहों का सफाया भी प्रमुख लक्ष्य है और दोनों पार्टियों के घोषणापत्र में यह सबसे प्रमुख मुद्दा होगा। शाह ने बताया कि चुनावों के लिए दोनों पार्टियां जल्द ही एक विस्तृत घोषणापत्र तैयार करेंगी, जिसमें नशे की समस्या को खत्म करना और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देना मुख्य फोकस क्षेत्र होंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य की मौजूदा आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन समस्या खत्म नहीं हुई, बल्कि बढ़ गई। उन्होंने कहा कि 2017 में राहुल गांधी ने भी एक कार्यकाल में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन उनकी पार्टी ने भी इस दिशा में कुछ नहीं किया। शाह ने अपना वही वादा दोहराया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशा-मुक्त बना दिया जाएगा।

बता दें कि नवंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विवाद के बाद अकाली दल और BJP के बीच 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। अब दोनों पार्टियां छह साल बाद एक बार फिर साथ आई हैं।