पंजाब में भाजपा और अकाली दल के गठजोड़ की घोषणा के बाद अमृतसर और जालंधर में अरदास की गई। अमृतसर के गुरुद्वारा छेवीं पातशाही में पंजाब की चढ़दी कला, खुशहाली और दोनों दलों के गठबंधन की मजबूती के लिए प्रार्थना की गई। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुग विशेष रूप से मौजूद रहे।

तरुण चुग ने भाजपा और अकाली दल के गठजोड़ का स्वागत किया। उन्होंने इसे पंजाब की तरक्की और नशा मुक्ति के सपने को साकार करने के लिए जरूरी बताया। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के उस वादे को दोहराया, जिसमें 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त करने की घोषणा की गई थी। चुग ने कहा कि यह गठजोड़ उसी दिशा में बढ़ाया गया कदम है।

इस दौरान राज्यसभा सदस्य सीए सतपाल शर्मा, जम्मू से विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया, डॉ. देवेंद्र कुमार मनियाल और जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव गोपाल महाजन भी उपस्थित रहे।

तरुण चुग ने पंजाब की खुशहाली, शांति और विकास के लिए एकजुट होकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों और शहीदों की धरती है और प्रदेश की तरक्की, भाईचारे तथा खुशहाली के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए।