लखनऊ में 28 साल पुराने व्यापार कर भवन में आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारी लाल कंछल समेत तीन दोषियों को तीन-तीन साल के कारावास की सजा सुनाई गई है। एमपी-एमएलए मामलों के विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने मंगलवार को सजा के बिंदु पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 36-36 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

इस मामले में बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी करार दिया गया था। 17 नवंबर को अदालत ने तीनों को दोषी ठहराते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था और सजा के बिंदु पर सुनाई के लिए 24 नवंबर की तारीख तय की थी। मंगलवार को सुनवाई पूरी होने के बाद तीनों को तीन-तीन साल की सजा सुनाई गई।

मामला 12 अगस्त 1998 का है। हजरतगंज स्थित व्यापार कर भवन में घुसकर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी। इस मामले में हजरतगंज कोतवाली में बनवारी लाल कंछल समेत उनके व्यापारी साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

करीब 28 साल तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद अदालत ने तीनों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।