भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हैदराबाद में आयोजित भारत शिखर सम्मेलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की है। पार्टी ने उन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने 'भारत विरोधी ताकतों' को मंच मुहैया कराया, जिससे देश को बदनाम करने और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश हुई। नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि 14 नवंबर को हुए इस शिखर सम्मेलन को विपक्ष के नेता द्वारा आयोजित 'भारत विरोधी शिखर सम्मेलन' कहना ज्यादा उचित होगा।
भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों को एकजुट करने में लगे हैं और ऐसा कोई मंच मुश्किल से होगा जहां वह देश को बदनाम करने, अराजकता फैलाने और अस्थिरता लाने की साजिश न रचते हों। उन्होंने शिखर सम्मेलन में इतालवी नेता और 'पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट' के महासचिव गियाकोमो फिलिबेक की भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें ऐसा मंच दिया गया जहां से उन्होंने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया। भाटिया ने आरोप लगाया कि गांधी भारत में इसी तरह के बयान देते हैं और अब एक विदेशी नागरिक भारतीय मंच से भारतीय जनादेश का मजाक उड़ा रहा है। उन्होंने गांधी को 'अराजक, अपरिपक्व, अंशकालिक और राष्ट्रविरोधी' नेता बताते हुए कहा कि उनका इस पद पर होना देश के लिए दुर्भाग्य की बात है।
प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गांधी ने फिलिबेक की टिप्पणियों पर आपत्ति नहीं जताई और न ही उन्हें यह याद दिलाया कि भारत के आंतरिक मामलों पर विदेशियों को चर्चा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि टिप्पणियों के दौरान गांधी ताली बजाते और मुस्कुराते नजर आए। भाटिया ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता की भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि गांधी की बार-बार चुनावी हार ने उन्हें निराश कर दिया है। उन्होंने गांधी पर आरोप लगाया कि उनका एजेंडा देश को बदनाम करना है और जिस मंच का इस्तेमाल भारत और तेलंगाना को मजबूत करने के लिए होना चाहिए था, उसका इस्तेमाल देश को कमजोर करने और नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नफरत फैलाने के लिए किया जा रहा है।
शिखर सम्मेलन पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठाते हुए भाटिया ने दावा किया कि तेलंगाना सरकार की वेबसाइट के अनुसार इस कार्यक्रम का आयोजन सरकारी धन से किया गया था। उन्होंने पूछा कि भारत की आलोचना करने वाले कार्यक्रम पर जनता का कितना पैसा खर्च किया गया। उन्होंने वक्ताओं के चयन पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और तेलंगाना सरकार ने फिलिबेक को आमंत्रित करने से पहले उनकी पृष्ठभूमि की पर्याप्त जांच नहीं की। भाटिया ने गांधी से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या वह फिलिबेक की टिप्पणियों का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में सरकार कौन बनाएगा, इसका फैसला मतदाता करेंगे और देश का लोकतंत्र किसी विदेशी की मंजूरी पर निर्भर नहीं है। भाटिया ने गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इसके बजाय देश के गांवों और शहरों का दौरा करना चाहिए।
