भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने जनसंख्या के अनुपात में सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ाने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव को उचित कदम बताया है। लावड़ में पत्रकारों और एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि आबादी बढ़ रही है, इसलिए सीटें भी बढ़नी चाहिए। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को अपना प्रतिनिधि चुनने के अधिक अवसर मिलेंगे।

टिकैत ने कहा कि भाकियू किसी एक राजनीतिक दल का संगठन नहीं है। उनके संगठन में सभी दलों की विचारधारा के लोग जुड़े हैं और सभी को अपनी विचारधारा रखने तथा अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि भाकियू सरकार की गलत नीतियों का विरोध करते हुए किसानों के हितों की लड़ाई लड़ती है।

समाजवादी पार्टी के घोषणा-पत्र पर टिकैत ने कहा कि इसमें किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसानों की समस्याओं और उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई जाएं। उन्होंने कहा कि चीनी समेत अन्य वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन गन्ने के दाम नहीं बढ़ाए गए। खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए गन्ने का मूल्य भी बढ़ना चाहिए।

यह बातें उन्होंने शनिवार को लावड़ में मिठेपुर रोड पर एमएम हास्पिटल में आयोजित एक कार्यक्रम में कहीं। हास्पिटल संचालक डा. इकबाल मलिक ने उनका स्वागत किया। इस दौरान जुनैद, डा. कैफ, डा. खुशनसीब सहित अन्य लोग मौजूद रहे।