ढाका में शुक्रवार को खेला गया मेंस ब्लाइंड एशिया कप का फाइनल मुकाबला विवादों में घिर गया है। बारिश के कारण खिताबी मैच नहीं हो पाने के बाद पाकिस्तान को बेहतर नेट रन रेट के आधार पर चैंपियन घोषित किया गया। इस फैसले से भारतीय खेमे में भारी आक्रोश है। भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी का बहिष्कार करते हुए वॉकआउट कर दिया और भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले न खेलने की चेतावनी दी है। भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों का कहना है कि मैच रद्द होने पर दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था।

क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) के सचिव शैलेंद्र ने कहा कि जब तक यह विवाद नहीं सुलझता, भारतीय ब्लाइंड टीम पाकिस्तान के खिलाफ कोई मैच नहीं खेलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने अपने रसूख का गलत इस्तेमाल किया और बांग्लादेश के मौजूदा हालात का फायदा उठाया। शैलेंद्र ने कहा कि पाकिस्तान ने खुद को जबरन टूर्नामेंट का विजेता घोषित कर लिया है और पीसीबी (PCB) तथा सुल्तान शाह को इस पर शर्म आनी चाहिए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद तब खड़ा हुआ जब वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख सुल्तान शाह ने कथित तौर पर WBCC टेक्निकल कमेटी के उस फैसले को पलट दिया, जिसमें भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने की बात कही गई थी। इसके बाद मैच रेफरी को निर्देश दिया गया कि खेल रद्द होने के समय बेहतर रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को चैंपियन घोषित किया जाए। CABI सचिव ने इस नियम पर सवाल उठाते हुए कहा कि नेट रन रेट का इस्तेमाल लीग चरण में क्वालीफिकेशन तय करने के लिए होता है, न कि फाइनल की ट्रॉफी देने के लिए।

एक मैच अधिकारी ने भी प्लेइंग कंडीशंस के ड्राफ्ट पर चिंता जताते हुए कहा कि नियम सही तरीके से नहीं लिखा गया था और कप्तानों की मीटिंग में भी इस पर चर्चा नहीं हुई थी। भारतीय खिलाड़ियों ने कहा कि वे मैदान पर खेलकर खिताब का फैसला चाहते थे और मैच के दौरान अचानक उन्हें रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को विजेता बताया गया। गौरतलब है कि गत चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि ग्रुप स्टेज में अजेय रही पाकिस्तानी टीम ने भारत को एक विकेट से हराया था।