बुंदेलखंड की संस्कृति अपने समृद्ध इतिहास के लिए जानी जाती है। आल्हा-ऊदल की शौर्य गाथा से लेकर राई लोकनृत्य तक, यहां की परंपराओं में ऐसा बहुत कुछ है जिस पर जितनी बात की जाए उतनी कम लगती है। इसी क्षेत्र का एक बेहद लोकप्रिय लोकगीत है 'अंगना में कुइयाँ राजा डूब के मरूंगी…', जिसे दशकों से लोग मनोरंजन के लिए सुनते और गाते आ रहे हैं। इसके बोल पहली नजर में ऐसे लगते हैं जैसे कोई महिला अपने पति को कुएं में डूबकर मर जाने की धमकी दे रही हो, लेकिन गौर करने पर इसमें हंसी-ठिठोली और ससुराल वालों से हल्की-फुल्की नोकझोंक का अंदाज नजर आता है।

गीत में बहू कहती है कि ससुर, जेठ और देवर कुछ भी बोलें, वह कुछ नहीं कहेगी। यहां घर के पुरुषों के सामने चुप रहना उसकी झिझक या डर नहीं, बल्कि मर्यादा और सम्मान का प्रतीक बताया गया है। इसके उलट गीत में बहू घर की महिलाओं से अपनी बराबरी करती दिखती है और अपनी बात मन में दबाने के बजाय लड़ाई-झगड़े पर उतर आती है।

इसी कड़ी में बोल आते हैं—'सासु जी बोल बोलें घुंघटा खोल के लड़ूंगी, जिठनी जी बोल बोलें हिस्सा बांट के लड़ूंगी, देवरनिया बोल बोलें चुनरी फाड़ के लड़ूंगी, ननदी जी बोल बोलें चोटिया तान के लड़ूंगी।' इस तरह बहू गीत के जरिए अपने पति को बताती है कि सास, जेठानी, ननद और देवरानी के सामने वह दबी-सहमी नहीं रहेगी और उसके खिलाफ कोई बात होने पर उसी लहजे में जवाब देगी।

इस लोकगीत के बोल भले ही ठेठ अंदाज में कहे गए हों, लेकिन इनसे बुंदेली समाज की गहरी बात भी पता चलती है। यह गीत बुंदेलखंड के लोगों के बीच अपनी मनोरंजक और तीखी बोल-शैली के कारण लोकप्रिय बना हुआ है।