कोलकाता में बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के सेकेंड डिवीजन वनडे लीग के एक मुकाबले में मोहनलाल क्लब के बल्लेबाज अंकन ने एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाए। यह कारनामा उन्होंने पारी के 45वें ओवर में साउथ सबअर्बन क्लब के गेंदबाज समुजीत सेन के खिलाफ किया। इससे पहले 2007 के टी20 विश्व कप में युवराज सिंह ने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के लगाए थे।
शुक्रवार को ईडन गार्डेंस स्टेडियम के पास कस्टंस ग्राउंड में हुए इस मैच में एक ही पारी में दो बल्लेबाजों ने दोहरा शतक लगाया। अंकन ने 132 गेंदों में नाबाद 236 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 25 छक्के शामिल रहे। वहीं आयाज उद्दीन सिद्दीकी ने 129 गेंदों में 204 रन की पारी खेली, जिसमें 31 चौके और आठ छक्के लगे।
दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 328 रन की साझेदारी हुई। इन पारियों की बदौलत मोहनलाल क्लब ने 45 ओवर में दो विकेट पर 474 रन बनाए।
मोहनलाल क्लब ने यह मैच 304 रन के अंतर से जीता। लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ सबअर्बन क्लब की टीम 37.1 ओवर में 170 रन पर ढेर हो गई।
