बांग्लादेश के सबसे अनुभवी टेस्ट क्रिकेटर मुशफिकुर रहीम फरवरी 2027 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने ढाका में बोर्ड मुख्यालय में इसकी पुष्टि की।
तमीम इकबाल के अनुसार, मुशफिकुर ने कुछ दिन पहले फोन पर उन्हें अपने इस फैसले की जानकारी दी थी। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने मुशफिकुर से खुद इस बात की घोषणा करने को कहा था, लेकिन क्रिकेटर ने उनसे अपनी ओर से यह जानकारी देने का अनुरोध किया।
इंग्लैंड की टीम अगले साल फरवरी में दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगी। अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मुशफिकुर पहले ही टी-20 और वनडे प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं और अब वे टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह देंगे।
मुशफिकुर रहीम ने टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 7062 रन बनाए हैं। वे इस प्रारूप में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा मैच (108 मैच) खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं।
