इंटरनेशनल लीग टी20 (आईएलटी20) 2026 में शनिवार को एमआई अमीरात्स और डिजर्ट वाइपर्स के बीच खेला गया मुकाबला सुपर ओवर तक खिंचा। सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर निकोलस पूरन ने छक्का लगाकर एमआई अमीरात्स को जीत दिला दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई अमीरात्स ने कुसल परेरा और निकोलस पूरन के अर्धशतकों की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट पर 186 रन बनाए। परेरा ने आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 45 गेंदों में 76 रन बनाए, जबकि पूरन ने तीन चौकों और आठ छक्कों के सहारे 57 गेंदों में 89 रन की नाबाद पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिजर्ट वाइपर्स की ओर से किसी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया। सबसे बड़ी पारी फखर जमान ने 42 रन की खेली। वाइपर्स को आखिरी दो गेंदों पर 11 रन चाहिए थे। जहूर खान की गेंद पर खुजाइमा तनवीर ने पहले छक्का और फिर आखिरी गेंद पर चौका लगाकर मैच टाई करा दिया। तनवीर ने 5 गेंदों में 14 रन बनाए। वाइपर्स ने आठ विकेट खोकर 186 रन बनाए।
सुपर ओवर में वाइपर्स ने पहले बल्लेबाजी की। एमआई की ओर से क्रिस जॉर्डन ने दूसरी गेंद पर शिमरोन हेटमायर को आउट किया, जबकि छठी गेंद पर टॉम करन ने चौका लगाकर वाइपर्स का स्कोर 8 रन तक पहुंचाया। जवाब में एमआई के लिए कायरन पोलार्ड और शेरफेन रदरफोर्ड उतरे। तनवीर ने शुरुआती चार गेंदों में तीन रन देकर पांचवीं गेंद पर रदरफोर्ड को आउट कर दिया। इसके बाद पूरन बल्लेबाजी के लिए आए और आखिरी गेंद पर पांच रन की जरूरत के बीच तनवीर की फुलटॉस गेंद पर डीप-मिडविकेट की ओर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी।
