भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में कमेंट्री कर रहे न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस हैरिस ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में क्रिकेट को शामिल किए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का हर अवसर खेल के लिए फायदेमंद है। हैरिस ने कहा कि उनके लिए फिलहाल विश्व कप जीतना पहली प्राथमिकता होगी, जबकि ओलिंपिक स्वर्ण पदक दूसरे स्थान पर रहेगा।
न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर से अभिषेक त्रिपाठी ने विशेष बातचीत की। ऑलराउंडरों की स्थिति पर हैरिस ने कहा कि हालात उतने खराब नहीं हैं जितने गेंदबाजों के लिए हैं। आधुनिक बल्लेबाज बेहद आक्रामक हैं, जिससे विकेट लेने के मौके बनते हैं, लेकिन एक बार कोई बल्लेबाज क्रीज पर जम जाए तो उसे रोकना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में असली ऑलराउंडर कम आ रहे हैं और बेन स्टोक्स शायद आखिरी बड़े ऑलराउंडर रहे हैं। हैरिस के मुताबिक, अब टीमों के पास मुख्य रूप से पांच बल्लेबाज और गेंदबाज होते हैं, और हर विभाग में विशेषज्ञ खिलाड़ी नजर आ रहे हैं।
पिचों के बदलते स्वभाव पर उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से पिचें बेहतर हो गई हैं। पहले पर्थ में तेज और उछाल वाली पिच मिलती थी और सिडनी में स्पिनरों को मदद मिलती थी, लेकिन अब पिच तैयार करने वाले जानते हैं कि उसमें कितनी नमी और किस तरह की मिट्टी सही रहेगी। इससे पिचें लंबे समय तक एक जैसी बनी रहती हैं और उनमें पहले जैसी टूट-फूट नहीं होती। कुछ लोग इसे टेस्ट क्रिकेट की खासियत के लिए अच्छा नहीं मानते, लेकिन हैरिस का मानना है कि दो अच्छी टीमों के बीच मुकाबला शानदार हो सकता है और क्राइस्टचर्च में भी रोमांचक टेस्ट देखने को मिलेगा।
भारी पैसे और आर्थिक आजादी के असर पर हैरिस ने कहा कि उनके दौर में क्रिकेट से अच्छी कमाई और इसे पेशा बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जरूरी था, लेकिन अब ऐसा नहीं रह गया है। इसी वजह से आज कई आक्रामक खिलाड़ी देखने को मिल रहे हैं। टी-20 के कारण वनडे में भी रन बनाने की गति बढ़ी है और टेस्ट क्रिकेट में प्रति ओवर रन का औसत काफी ज्यादा हो गया है।
