अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए इंटरनेशनल लीग टी20 के मुकाबले में एमआई एमरिट्स ने डेजर्ट वाइपर्स को सुपर ओवर में हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई एमरिट्स ने 4 विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में डेजर्ट वाइपर्स की टीम आखिरी दो गेंदों पर 11 रन की जरूरत के समय खुजैमा तनवीर के छक्के और चौके की बदौलत मैच को सुपर ओवर तक खींच लाई।

सुपर ओवर में डेजर्ट वाइपर्स ने पहले बल्लेबाजी की और क्रिस जॉर्डन के खिलाफ सिर्फ 7 रन बना सकी। जवाब में एमआई के लिए कीरोन पोलार्ड और शेरफेन रदरफोर्ड बैटिंग करने आए। खुजैमा तनवीर ने पहली पांच गेंदों पर सिर्फ तीन रन दिए और रदरफोर्ड का विकेट भी लिया। आखिरी गेंद पर निकोलस पूरन क्रीज पर उतरे, जब टीम को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे। उन्होंने डीप मिडविकेट पर छक्का मारकर एमआई एमरिट्स को जीत दिला दी।

एमआई एमरिट्स की पारी में सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा और निकोलस पूरन ने अर्धशतक लगाए। परेरा ने 45 गेंदों पर 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए, जबकि पूरन ने 57 गेंदों पर 3 चौके और 8 छक्कों के साथ 89 रन की पारी खेली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 62 गेंदों पर 103 रन की साझेदारी हुई। इसके अलावा टीम का कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।

शादाब खान की कप्तानी वाली डेजर्ट वाइपर्स के लिए बाबर आजम 13 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। फखर जमान ने 29 गेंदों पर 42 रन की तेज पारी खेली, जबकि एंड्रिस गौस ने 35 और शिमरोन हेटमायर ने 25 रन बनाए। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे, जब खुजैमा और मुजीर उर रहमान ने जहूर खान के खिलाफ 19 रन बनाकर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया। एमआई के लिए राशिद खान और क्रिस जॉर्डन ने 3-3 विकेट लिए।