वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर में कार्तिक उत्सव के तहत रविवार को श्रीश्रीराधा वृंदावन चंद्र की दिव्य रथयात्रा निकाली गई। गर्भगृह से पालकी में ठाकुरजी को बाहर लाकर फूलों से सजे चालीस फुट ऊंचे चंदन के रथ पर विराजमान किया गया। इसके बाद भारतीय पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि और हरिनाम संकीर्तन के बीच शोभायात्रा शुरू हुई और मंदिर परिसर भक्तों के जयकारों से गूंज उठा।

रथयात्रा में धर्मदंड लेकर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल, एडीजी एसके भगत और विधायक श्रीकांत शर्मा चल रहे थे। इन्होंने आराध्य की आरती उतारी और मंदिर में दीपदान किया। भक्तों ने रथ को खींचकर पूरे मंदिर प्रांगण की परिक्रमा कराई। जगह-जगह भक्तों ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर ठाकुरजी का स्वागत किया।

मंदिर में तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव चल रहा है, जिसमें रविवार को रथयात्रा महोत्सव मनाया गया। रथयात्रा के समापन पर भगवान श्रीश्रीराधा वृंदावन चंद्र को छप्पन भोग अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्रीदामोदराष्टकम का गान किया और आराध्य के चरणों में दीपदान किया।