गोवा विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने ऐलान किया है कि वह गोवा के लिए सिटिजन मैनिफेस्टो जारी करेगी। पार्टी के सह संयोजक आशुतोष रांका ने बताया कि अगले तीन महीनों में आम लोगों और कार्यकर्ताओं से बातचीत करके यह घोषणापत्र तैयार किया जाएगा और इसमें पहला एजेंडा 39A को हटाना होगा। उन्होंने कहा कि वोट मांगने आने वाली किसी भी राजनीतिक पार्टी को इस घोषणापत्र की मांगों पर सहमति जतानी होगी और गोवा के लोग सिर्फ उसी पार्टी को वोट देंगे जो इन मांगों को पूरा करने पर राजी होगी। सीजेपी ने चुनाव लड़ने से इनकार किया है। पार्टी संयोजक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक विभाजन को बढ़ावा दे रही है।
गोवा विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने गोवा के लिए सिटिजन मैनिफेस्टो जारी करने का ऐलान किया है। पार्टी के सह संयोजक आशुतोष रांका ने गोवा में सीजेपी क्लब में बताया कि पार्टी एक मैनिफेस्टो ड्राफ्ट तैयार करेगी और आम लोगों से बातचीत के आधार पर इसमें मांगें जोड़ी जाएंगी। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने गोवा के लोगों के लिए अच्छा मौका हैं, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ मिलकर यह घोषणापत्र लाया जाएगा। इसमें पहला एजेंडा 39A को हटाना होगा।
रांका ने कहा कि जो भी राजनीतिक पार्टी गोवा में वोट मांगने आएगी, उसे अपने मैनिफेस्टो के हिसाब से नहीं, बल्कि इस घोषणापत्र में लिखी मांगों पर राजी होना होगा। उनके अनुसार, गोवा के लोग सिर्फ उसी एक पार्टी को वोट देंगे जो इन मांगों को पूरा करने के लिए सहमत होगी। हालांकि सीजेपी ने चुनाव लड़ने से इनकार किया है। अभिजीत दीपके ने कहा कि वे चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि लोगों का साथ देने आए हैं।
रांका ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का एजेंडा सिर्फ भारत को बचाना नहीं बल्कि इससे कहीं ज्यादा है। उन्होंने कहा कि पार्टी एक महीने चुप रही क्योंकि वे ब्रेक एन्जॉय कर रहे थे और परिवार के साथ समय बिता रहे थे। उनके मुताबिक, देश के युवा अपना भविष्य तय करेंगे और 2047 में भारत का भविष्य क्या होगा, यह युवा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि सीजेपी का प्लैटफॉर्म देशभर के युवाओं ने साथ आकर बनाया है।
पार्टी संयोजक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों को प्रभावित करने वाले असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक विभाजन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने निर्वाचित नेताओं की खरीद-फरोख्त और वोट चोरी की भी आलोचना की। दीपके ने देशभर के नागरिकों से धर्म और जाति की पहचान से ऊपर उठकर रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर ध्यान देने की बात कही।
