कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को सभी राजनीतिक दलों और सांसदों से संसद में प्रस्तावित परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस बिल को पारित कराने में मदद करने वाला कोई भी दल या नेता जनता के जनादेश के साथ गंभीर विश्वासघात करेगा। सीजेपी ने एक बयान में चिंता जताई कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया के जरिए संसदीय और विधानसभा सीटों की सीमाओं को सत्तारूढ़ दल के फायदे के लिए बदला जा सकता है। पार्टी ने इसे गेरीमैंडरिंग बताते हुए सभी दलों से चुनावी नक्शे में कथित हेरफेर के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

सरकार ने 30 नवंबर से संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है, जिसमें 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण लागू करने के लिए तीन विधेयक लाए जाएंगे। प्रस्ताव में प्रत्येक राज्य की सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी का भी उल्लेख है। सीजेपी ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को केंद्रित करने या बांटने से कुल वोटों की संख्या बदले बिना भी चुनावी परिणाम प्रभावित किए जा सकते हैं। पार्टी ने कहा कि पर्याप्त सुरक्षा उपायों और स्वतंत्र निगरानी के अभाव में सीमाओं का पुनर्निर्धारण भाजपा को लंबे समय तक चुनावी लाभ पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

सीजेपी ने परिसीमन को लेकर अपनी चिंताओं को चुनाव आयोग की मतदाता सूची प्रक्रिया से भी जोड़ा। पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से कथित गलत नाम हटाए जाने, अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी के आरोपों का जिक्र किया। बयान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को परिसीमन आयोग में शामिल किए जाने पर भी सवाल उठाए गए और उनके खिलाफ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने के आरोप लगाए गए।

सीजेपी नेता आशुतोष रंका ने कहा कि कुछ दल परिसीमन बिल का समर्थन इस तर्क के साथ कर रहे हैं कि इससे लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ जाएगी, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं है कि वे किस तरह की गेरीमैंडरिंग के लिए सहमति दे रहे हैं। वहीं, नेता सौरव दास ने कहा कि अगर विपक्षी दल भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम करते हैं तो यह जनता के साथ गंभीर विश्वासघात होगा। पार्टी ने महिला आरक्षण का समर्थन दोहराते हुए आरोप लगाया कि इसे परिसीमन के जरिए सीमाएं बदलने की ढाल बनाया जा रहा है। नीति प्रमुख मेहर पसरीचा ने कहा कि सांसदों की संख्या 550 हो या 850, इससे शिक्षा, रोजगार, प्रदूषण और महिला सुरक्षा जैसी समस्याओं का समाधान नहीं होगा।